स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज की पूर्व छात्रा आंचल द्विवेदी बनीं दिल्ली में टीजीटी अंग्रेजी शिक्षिका ।

7 / 100 SEO Score

डीएसएसएसबी परीक्षा में सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी, प्रबंधक, प्रधानाचार्य व शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
लम्भुआ (सुलतानपुर)। क्षेत्र के स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, गोपालपुर-मधैया की पूर्व छात्रा आंचल द्विवेदी ने दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर टीजीटी (अंग्रेजी) अध्यापक के पद पर चयनित होकर जिले और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
आंचल द्विवेदी, श्री दिलीप द्विवेदी की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट (कक्षा 12) तक की पढ़ाई स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, गोपालपुर-मधैया, लम्भुआ, सुलतानपुर से पूरी की। विद्यालय में अध्ययन के दौरान वे मेधावी, अनुशासित और परिश्रमी छात्राओं में गिनी जाती थीं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने निरंतर परिश्रम के बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की।
आंचल के चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि आंचल एक कुशल और समर्पित शिक्षिका के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देंगी।
विद्यालय के प्रबंधक ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए इससे बड़ा गर्व का विषय नहीं हो सकता कि उसकी छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर महत्वपूर्ण पदों पर चयनित हों। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि आंचल द्विवेदी ने अपनी मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच से यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी यदि लक्ष्य के प्रति समर्पित हों तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आंचल की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
आंचल की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। क्षेत्र के शिक्षाविदों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!