आजमगढ़।
जनपद आजमगढ़ के सठियांव रेलवे स्टेशन पर वर्षों से चली आ रही गंभीर यातायात समस्या को लेकर अब मामला सीधे रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय (भारत सरकार) तक पहुँच गया है। सठियांव–जहानागंज मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की मांग को लेकर सठियांव ब्लॉक के अबाड़ी गांव निवासी निरंजन शर्मा द्वारा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष/सदस्य (इंजीनियरिंग) को औपचारिक पत्र भेजा गया है।
सठियांव रेलवे स्टेशन, जो नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (NER) ज़ोन के वाराणसी डिवीजन के अंतर्गत आता है, क्षेत्र का एक प्रमुख आवागमन केंद्र है। इसी रेलवे क्रॉसिंग से सठियांव–जहानागंज मार्ग गुजरता है, जो आजमगढ़–मऊ मुख्य मार्ग, सठियांव चीनी मिल, सुहेलदेव विश्वविद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज (चक्रपानपुर) को सीधे जोड़ता है।
ट्रेन संचालन के दौरान रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से लगभग एक किलोमीटर या उससे अधिक लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। विशेष रूप से गन्ना पेराई सत्र के समय भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से स्थिति अत्यंत गंभीर हो जाती है। इस जाम का सबसे अधिक दुष्प्रभाव एम्बुलेंस, रेफर मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं पर पड़ता है, जिससे कई बार जान-माल के लिए जोखिम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
निरंजन शर्मा द्वारा भेजे गए पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सठियांव रेलवे क्रॉसिंग पर ROB निर्माण की मांग पूर्व में क्षेत्रीय विधायक एवं सांसद द्वारा विधानसभा तथा लोकसभा में भी उठाई जा चुकी है, किंतु अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्रीय जनता में निराशा व्याप्त है।
पत्र के माध्यम से रेलवे बोर्ड से मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए Railway Board स्तर से आवश्यक अनुमोदन प्रदान कर नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (गोरखपुर) एवं वाराणसी डिवीजन को संयुक्त सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण तथा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएँ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सठियांव रेलवे क्रॉसिंग पर ROB का निर्माण होता है, तो इससे यातायात समस्या का स्थायी समाधान होगा और क्षेत्र के स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार एवं औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।