*बहराइच:* कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भटपुरवा चमरनपुरा गांव में दबंगों द्वारा एक गरीब की आबादी की जमीन जबरन हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि दबंग रोजाना गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
*25 साल से छप्पर रखकर रह रहा परिवार*
पीड़ित बाबूलाल पुत्र मंशाराम का कहना है कि वह बीते 25 वर्षों से आबादी की जमीन पर छप्पर डालकर अपने परिवार के साथ रह रहा है। अब गांव के ही कुछ दबंग उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं।
*12 मई को घर में घुसकर की थी मारपीट*
पीड़ित के मुताबिक 12 मई को दबंग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, गालियां दीं और घर में रखा बेड व शीशा तोड़ दिया। बांस-बल्ली भी फेंक दी।
*तहरीर के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई*
बाबूलाल ने बताया कि घटना के बाद उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने से दबंगों के हौसले बुलंद हैं। अब आए दिन उसे धमकाया जा रहा है।
*दोबारा दी तहरीर*
परेशान होकर पीड़ित ने शनिवार को फिर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात को प्रार्थना पत्र दिया है। उसने दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।