अंकित हत्याकांड अपडेट : शव सड़क पर रखकर परिजनों का प्रदर्शन, बुल्डोजर कार्रवाई और एक करोड़ मुआवजे की मांग

5 / 100 SEO Score

अमेठी के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 17 पूरे बान सिंह अमेठी रोड पर प्रेम प्रसंग से जुड़े अंकित कश्यप हत्याकांड के बाद मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन कर रहे परिजनों का कहना है कि हत्या के आरोपियों के घरों पर बुल्डोजर चलाया जाए तथा पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। परिजन आरोपियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर डटे रहे।

बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक घंटे से अधिक समय से परिजन शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

फिलहाल प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता जारी है। मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!