कोहरे के चलते तीन ट्रेन निरस्त, परेशान रहे यात्री

कड़ाके की ठंड व कोहरे के चलते रविवार को आजमगढ़ से दिल्ली जाने वाली कैफियात एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।वहीं मुंबई से आने वाली गोदान एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें घंटों विलंब रहीं। स्टेशन पर यात्री भीषण सर्दी के कारण ठिठुरते नजर आए। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण ठंड व गलन में यात्रियों को दिनभर परेशान होना पड़ा। प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित प्रतीक्षालय यात्रियों से खचाखच भरा रहा। वहीं, अन्य प्लेटफार्म पर यात्री ठिठुरते दिखाई दिए। छपरा से फर्रुखाबाद जााने वाली उत्सर्ग एक्सप्रेस को रेलवे ने पहले ही निरस्त कर दिया था। रविवार को दिल्ली से आजमगढ़ आने और जाने वाली कैफियात एक्सप्रेस ठंड और कोहरे के कारण निरस्त कर दी गई थी। इसके अलावा किशनगंज से अजमेर जाने वाली गरीब नवाज एक्सप्रेस और जयनगर से अमृतसर जाने वाली सरयू-यमुना एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया। वहीं लोकमान्य तिलक से चलकर आजमगढ़ के रास्ते छपरा जाने वाली गोदान एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे की देरी से आई। अन्य ट्रेनें भी विलंबित रहीं। ठंड व कोहरे में ट्रेनों के निरस्त होने और लेटलतीफी के कारण स्टेशन पर यात्री ठिठुरते नजर आ रहे थे। ट्रेनों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए लोग बार-बार पूछताछ काउंटर के चक्कर लगा रहे थे।

Share

Leave a Reply