मर्डर केस को आत्महत्या घोषित करने का आरोप, पीड़ित परिवार को नहीं मिल रहा न्याय

6 / 100 SEO Score

संवाददाता, अब्दुर्रहीम शेख़

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए एंटी करप्शन क्राइम ऑफ इंडिया के तहत होगा धरना प्रदर्शन – दीनदयाल गुप्ता

*जौनपुर।* पुरा मामला केराकत थाना क्षेत्र का है जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, लेकिन पुलिस बिना उचित जांच किए इसे आत्महत्या घोषित करने पर अड़ी हुई है। मृतक राहुल यादव (20वर्ष) निवासी गांव ओरी नरहन 15 दिन पहले ही बाहर कमाकर गांव लौटा था। 16 दिसंबर 2024 को वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया, और 17 दिसंबर 2024 को उसकी लाश ओरी नरहन रेलवे स्टेशन से 12 मीटर नीचे पाई गई। परिवार ने जब पुलिस से संपर्क किया तो थाना केराकत ने बिना किसी गहन जांच-पड़ताल के इसे आत्महत्या करार दे दिया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए जिससे यह साबित होता है कि यह हत्या का मामला है। परिवार का आरोप है कि पुलिस कर रही है लापरवाही।राहुल यादव के परिवार का कहना है कि राहुल की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी फिर भी उसकी हत्या कर दी गई। शव की स्थिति संदेहास्पद थी अगर कोई ट्रेन से कटकर मरता तो शरीर के कई अंग कटे हुए होते लेकिन शरीर पूरा था और नीचे गिरा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट है कि शरीर पर गहरे चोट के निशान थे जिससे साफ पता चलता है कि हत्या हुई है। पुलिस ने न तो अपराध स्थल का सही से निरीक्षण किया न ही किसी संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गाली-गलौज और धमकी देने का लगाया आरोप

परिवार जब न्याय की गुहार लेकर थाना केराकत पहुंचा तो पुलिस ने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया और उल्टा गाली-गलौज कर भगा दिया।
परिवार जब एंटी करप्शन क्राइम ऑफ इंडिया संस्था के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंचा तो संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता ने अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस अधीक्षक जौनपुर को शिकायत पत्र भेजा। इसके बाद थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार को बुलाकर धमकाया और कहा कि तुझे एंटी करप्शन क्राइम ऑफ इंडिया के कार्यालय में शिकायत लेकर क्यों जाना पड़ा अब हम तेरी कोई शिकायत दर्ज नहीं करेंगे जो करना है कर ले।

संस्था ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

एंटी करप्शन क्राइम ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 10 दिनों के भीतर इस केस की निष्पक्ष जांच नहीं की गई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो संस्था पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी।उन्होंने कहा कि अगर पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती तो हम पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

परिवार का दर्द: हमें न्याय चाहिए

राहुल यादव के पिता और भाई का कहना है कि हमने बेटे को खो दिया लेकिन पुलिस हमें न्याय दिलाने के बजाय धमका रही है। हमने पुलिस से जांच की मांग की लेकिन वे हमारी शिकायत दर्ज करने को तैयार नहीं हैं। हम न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

क्या पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी?

अब सवाल उठता है कि क्या पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी या इसे यूं ही दफना दिया जाएगा। अगर पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं करती तो इस मामले को उच्च स्तर पर उठाने और आंदोलन करने की जरूरत होगी।

परिवार और संस्था ने मांग की है कि 1. इस केस की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
2. जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो।
3. मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है।

Leave a Reply