आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित होटल पार्क एवेन्यू में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवक और युवती ने होटल के कमरे में खुद को आग लगा ली। आग की लपटों से घिरने के बाद दोनों की चीख-पुकार सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक और युवती ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। होटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं कि यह दोनों कब और कैसे होटल में ठहरे। साथ ही, उनके पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंधों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों के होश में आने के बाद बयान लिए जाएंगे, जिससे मामले की असली वजह सामने आ सकेगी।