वाराणसी :- सावन के सोमवार को कावड़ियों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार रविवार को विद्यालय खोलने और सोमवार को बंद करने के लिए कहा गया है।
नगर क्षेत्र के सभी विद्यालय इस आदेश के तहत आएंगे। इन मार्गों पर 99 परिषदीय और करीब 25 माध्यमिक विद्यालय हैं। इन क्षेत्रों में कावड़ियों की आवाजाही अधिक होती है। जिला प्रशासन ने छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
इसके साथ ही स्कूल के बस या अन्य वाहन भी इन मार्गों पर फंस सकते हैं। शिवभक्तों की संख्या में भी इन मार्गों पर अधिक रहेगी। स्कूल जाते और आते वक्त जाम की समस्या बन सकती है। डीएम के इस निर्णय से जाम से काफी राहत मिलेगी।
*नो व्हीकल जोन*
काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास लगभग 2 किमी का इलाका मैदागिन से गोदौलिया तक के क्षेत्र को सावन के दौरान नौ व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में वाहन नहीं चल सकेंगे। यहां पर 18 गोल्फ कार्ट और ई रिक्शा निशुल्क उपलब्ध रहेंगे लेकिन व्हील चेयर के पैसे लगेंगे।
*छह द्वार से एंट्री मिलेगी*
श्रद्धालुओं को छह द्वार (गेट नंबर चार, चार बी, नंदू फारिया, सिल्को गली, ढुंढिराज प्रवेश मार्ग और सरस्वती फाटक) से प्रवेश दिया जाएगा। गंगा का जलस्तर बढ़ने की वजह से ललिता घाट से श्रद्धालुओं का प्रवेश अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया है। जलस्तर कम होने के बाद इस गेट से प्रवेश दिया जा सकता है। श्रद्धालुओं को दर्शन में पांच से छह घंटे का समय लग सकता है, इसलिए खाली पेट लाइन में न लगें।