आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज कस्बा स्थित राधा फैमिली रेस्टोरेंट पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेस्टोरेंट में ‘फैमिली’ शब्द की आड़ में केबिन बनाकर नाबालिग लड़के-लड़कियों को बैठाया जा रहा है जो अक्सर आपत्तिजनक स्थितियों में पाए जाते हैं। इससे रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रेस्टोरेंट में रूम की भी सुविधा दी जाती है जिसके एवज में युवाओं से 1500रुपये से 4500रुपये तक की धनराशि वसूली जाती है। सूत्रों की मानें तो हर केबिन/रूम के बाहर एक व्यक्ति को तैनात किया जाता है ताकि कोई बाहरी व्यक्ति भीतर न जा सके। जब स्थानीय लोगों द्वारा इस पर आपत्ति जताई जाती है तो रेस्टोरेंट संचालक और उसके गुर्गों द्वारा उन्हें धमकाया जाता है। और तो और आरोपी शिकायतकर्ताओं से मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। सूत्रों की मानें तो रेस्टोरेंट संचालक के पास कुछ असामाजिक तत्वों का संरक्षण है, जो इलाके में डर का माहौल बनाए रहते हैं। यही कारण है कि स्थानीय लोग खुलकर सामने आने से डरते हैं। हालांकि नाम न छापने की शर्त पर कुछ लोगों ने पूरी स्थिति से अवगत कराया। क्षेत्रीय जनता ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस रेस्टोरेंट की गहन जांच करवाई जाए और यदि अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होती है तो इसे तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है। हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक स्थानीय प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में अब पुलिस पर कई सवाल उठ रहे हैं। यही नहीं एल.आई.यू. की टीम पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लोकल इंटेलीजेंस यूनिट कर क्या रही है ? और आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।