पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में रविवार सुबह तेज बारिश के बाद भूस्खलन हो गया मिरिक-सुखियापोखरी रोड पर ढलान से गिरी चट्टानों और मलबे ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे में 11 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। सड़कें बंद होने और संचार व्यवस्था ठप पड़ने से राहत-बचाव अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।इस हादसे के साथ ही मानसून के बाद अरब सागर में उठा पहला चक्रवात “शक्ति” भी गंभीर खतरा बन गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान गुजरात के द्वारका से करीब 420 किलोमीटर दूर समुद्र में सक्रिय है और 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चला रहा है।
आने वाले 24 घंटे में यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़कर अरब सागर के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों तक पहुंचेगा। सोमवार से इसके कमजोर पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 7 अक्टूबर तक गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र के तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। गोवा के निचले इलाकों में भी बाढ़ की आशंका जताई गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है।