दशाश्वमेध घाट पर वीर शहीदों की याद में जलाया गया आकाशदीप, लोगों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

6 / 100 SEO Score

वाराणसी। गंगा तट स्थित दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से सोमवार की शाम जब लोगों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और पीएसी के वीर जवानों की याद में आकाश दीप जलाए गए तो सबकी आंखें नम हो गईं। परलोकों के पुण्य पथ पर विचर रहे दिवंगत आत्माओं का मार्ग अलौकित रहे इस ध्येय से दिव्य कार्तिक मास में गंगा तट, सरोवरों, कूपों, बावड़ियों और घर की छतों पर आकाश दीप जलाने की प्रथा काशी में सदियों पुरानी है। इसी परंपरा की कड़ी में आश्विन पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक पुलिस-पीएसी के वीर जवान स्व० रवनीश कुमार, स्व० ऋषिपाल भाटी, स्व० रहमत अली, स्व० जितेंद्र कुमार, स्व० अनूप कुमार, स्व० प्रवीण कुमार गौड़, स्व० निशांत चौधरी, स्व० संतोष कुमार यादव, स्व० संतोष चौरसिया, स्व० शिवम बालियान, स्व० रोहित यादव के आत्मिक शांति के लिए गंगोत्री सेवा समिति द्वारा आकाशदीप जलाए गए। शहीदों की याद में 36वीं वाहिनी पीएसी के बैंड के राष्ट्रगान की धुन के बीच उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। आयोजन की शुरुआत पांच वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मां गंगा के षोडशोचार पूजन से किया गया। जिसके बाद मां गंगा की पवित्र धारा में 101 दीप को प्रवाहित करने के बाद वेद पाठ के बीच दिव्य ज्योति की टोकरी को अनंत आकाश की ओर ले जाया गया।

एवं इस दौरान वेद मंत्रों की गूंज होती रही। आकाशदीप प्रज्वलन के मुख्य अतिथि क्षेत्र प्रबंधक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया वाराणसी रणविजय सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर सुख देव जी महाराज जो कि हरिद्वार से पधारे थे उपस्थित रहे। पीएसी बैंड की धुन के साथ मुख्य अतिथियों ने शहीदों की याद में आकाशदीप प्रज्ज्वलित किए। गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं० किशोरी रमण दुबे व सचिव दिनेश शंकर दुबे ने बताया कि कार्तिक मास के समान कोई महीना नहीं है। कार्तिक माह में आकाशदीप जलाने की पुरानी परम्परा है जो महाभारत काल से चली आ रही है। महाभारत काल में वीरों की याद में आकाशदीप जलाए जाते थे। उसी परम्परा के तहत पुलिस और पीएसी के जवानों को आकाशदीप जलाकर याद किया गया।

आयोजन में प्रमुख रूप से पं० कन्हैया त्रिपाठी, सचिव दिनेश शंकर दूबे, गंगेश्वरधर दूबे, संदीप दूबे, शांति लाल जैन, राम बोध सिंह, आदि शामिल रहे। आयोजन का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने किया ।

Leave a Reply