आजमगढ़ जिले के अमर शहीद राजा जयलाल सिंह सौ शैय्यायुक्त अस्पताल अतरौलिया में दीपावली के मद्देनजर तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इमरजेंसी के साथ-साथ बर्न वार्ड में अलग से डॉक्टरों की तैनाती की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि दीपावली भारत का एक प्रमुख त्यौहार है। इस त्यौहार पर लोग आतिशबाजी करते हैं। ऐसे में कई बार लोग जल जाते हैं। सबसे पहले तो हम लोगों से अपील करेंगे कि तेज ध्वनि वाले पटाखे और ज्यादा ज्वलनशील पटाखे न जलाएं। अगर बच्चे नहीं मानते हैं तो उन्हें बहुत ही छोटे पटाखे जलाने दें। यदि तमाम सावधानियां बरतने के बाद भी एक साथ कोई अप्रिय घटना होती है और कोई भी व्यक्ति जल जाता है तो इसके लिए भी हमारा अस्पताल पूरी तरह से तैयार है। हमारे अस्पताल में अलग से बर्न वार्ड बनाया गया है जिसमें जले हुए लोगों के लिए अलग से बेड आरक्षित किए गए हैं। यही नहीं बर्न वार्ड के लिए अलग से डॉक्टर की तैनाती की गई है। हमारा अस्पताल 24 घंटे लोगों की सेवा में तत्पर है। यदि किसी को कहीं भी किसी प्रकार की समस्या होती है तो तत्काल अस्पताल पर आ सकते हैं। हम जनता की सेवा के लिए कटिबद्ध हैं।
वीडियो देखने के लिए लिंक को क्लिक करें
https://youtu.be/KjUR8MPfD6c