सत्य सवेरा संवाददाता अयोधया
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ी एक ऐतिहासिक और भव्य खबर सामने आई है। कर्नाटक से तैयार होकर आई लगभग 200 करोड़ रुपये मूल्य की सोने, चांदी एवं हीरों से निर्मित प्रभु श्रीरामलला की दिव्य प्रतिमा अयोध्या पहुंच गई है। इस अलौकिक प्रतिमा को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में स्थापित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रतिमा कर्नाटक के प्रख्यात शिल्पकारों द्वारा अत्यंत सूक्ष्म कलात्मकता और पारंपरिक शास्त्रीय विधियों से निर्मित की गई है। प्रतिमा में स्वर्ण, रजत के साथ-साथ बहुमूल्य हीरों का प्रयोग किया गया है, जिससे इसकी दिव्यता और भव्यता और भी बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार प्रतिमा के निर्माण में कई महीनों का समय लगा है और इसमें धार्मिक मान्यताओं, शास्त्रीय प्रतीकों तथा रामलला के बाल स्वरूप को विशेष रूप से उकेरा गया है। प्रतिमा को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच अयोध्या लाया गया, जहां इसके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और रामभक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक प्रतिमा के दर्शन से श्रद्धालुओं को एक अद्वितीय आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा। आने वाले दिनों में विधि-विधान के साथ इसे मंदिर परिसर में प्रतिष्ठित किए जाने की संभावना है।
इस भव्य प्रतिमा के आगमन को लेकर अयोध्या नगरी एक बार फिर राममय हो गई है और देश-विदेश के श्रद्धालुओं की निगाहें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पर टिकी हुई हैं।