अमेठी में दिल दहला देने वाली वारदात: धारदार हथियार से युवक की हत्या

2 / 100 SEO Score

अमेठी। जनपद अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिंडारा ठाकुर गांव में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब शौच के लिए घर से बाहर निकले एक नवयुवक पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रतनेश मिश्रा, पुत्र संतोष मिश्रा, निवासी पिंडारा ठाकुर गांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रतनेश देर रात शौच के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में रतनेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटना के पीछे के कारणों की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!