अमेठी में संदिग्ध हालात में युवक की आग से झुलसकर मौत, पुलिस जांच में जुटी

2 / 100 SEO Score

अमेठी। अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दरखा सुंदरपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसकर मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय राम सजीवन गुप्ता पुत्र राजाराम गुप्ता के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह के अनुसार यह घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है। भोजन करने के बाद राम सजीवन घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक टीन शेड में सोने चले गए थे।
देर रात परिजनों को टीन शेड में आग लगने की जानकारी मिली। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर राम सजीवन को बाहर निकाला, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। गुरुवार सुबह लखनऊ में इलाज के दौरान राम सजीवन की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार जिस टीन शेड में राम सजीवन सो रहे थे, उसके चारों ओर लकड़ी व घास-फूस से बनी टटिया लगी थी और अंदर भूसा भरा हुआ था। अत्यधिक ठंड के चलते उन्होंने आग जलाकर तापने की व्यवस्था की थी। आशंका जताई जा रही है कि आग की चिंगारी से भूसे और टटिया में आग लग गई, जिससे पूरा शेड धू-धू कर जल उठा। नींद की अवस्था में होने के कारण वह समय रहते बाहर नहीं निकल सके।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!