अमेठी। शासन के निर्देशानुसार बच्चों के दुर्व्यापार एवं बाल श्रम से जुड़े अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद अमेठी में “ऑपरेशन रक्षा” अभियान दिनांक 16 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 27 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशानुसार तथा उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस विभाग, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की गई।
अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने मुसाफिरखाना कस्बे में विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय कुछ प्रतिष्ठानों पर नाबालिग बालक एवं बालिकाओं से कार्य कराए जाने की पुष्टि हुई। जांच में 02 नाबालिग बालिकाएं एवं 01 नाबालिग बालक बाल श्रम में लिप्त पाए गए।
टीम द्वारा मौके पर उपस्थित बच्चों के माता-पिता को बाल श्रम न कराने के लिए समझाया गया, जिस पर अभिभावकों ने भविष्य में बाल श्रम न कराने का संकल्प लिया। साथ ही बच्चों को विद्यालय से जोड़कर उनकी उचित शिक्षा सुनिश्चित कराने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में बाल मजदूरी न कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि आगे किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम कराते हुए पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में बाल कल्याण समिति अमेठी के अध्यक्ष/सदस्य, संबंधित थानों की पुलिस टीम, मानव तस्करी रोधक इकाई (एएचटीयू) तथा चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) अमेठी की टीम उपस्थित रही।