पर्यटन मंत्री ने भेजी पाती, घर-घर जलवाएं श्रीराम की ‘बाती

मऊ।प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री की ओर से नगर पंचायत और नगर पालिकाध्यक्ष को पत्र भेजा गया है। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन किए जाने के बारे में बताया गया है।मकर संक्राति से मंदिरों व आध्यात्मिक स्थलों में भजन कीर्तन, रामकथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 15 से 22 जनवरी तक सभी मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ रामकथा गूंजेगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। वहीं, इस दौरान निकायों में विशेष साफ-सफाई भी कराई जाएगी।
प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष और पालिकाध्यक्ष को भेजे अपने पत्र में कहा है कि भारत के सामाजिक मूल्यों, नैतिक संस्कारों व आदर्शों की स्थापना, हमारी सनातन संस्कृति एवं मानव मूल्यों के प्रतीक भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को मंदिर लोकार्पण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस विरासत संरक्षण के सुअवसर से जन-जन को जोड़ना हमारा पुनीत कर्तव्य है। व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्यक्रमों में अपना महती पुण्य योगदान करें। वहीं, शासनादेश में वर्णित है कि वाल्मीकि रामायण के अनुसार श्रीराम के आदर्शों, मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों का व्यापक प्रचार कर जनमानस को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। अनवरत रामायण रामचरित मानस का पाठ, सुंदरकांड आदि कार्यक्रम किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों में नगर संकीर्तनों का आयोजन करने और राममंदिर रथ एवं कलशयात्रा निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

Share

Leave a Reply