*लखनऊ*: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अप्रैल 2025 में दो बड़ी भर्तियों का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में कुल 33,138 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
*5000 महिला परिचालकों की भर्ती*
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) में 5000 महिला संविदा परिचालकों की भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत 08 अप्रैल से 17 अप्रैल 2025 तक प्रदेश के विभिन्न शहरों में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि नियुक्ति महिला अभ्यर्थियों के गृह जनपद में ही की जाएगी।
*रोजगार मेले का कार्यक्रम:*
• 08 अप्रैल: गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी
• 11 अप्रैल: मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन, आजमगढ़
• 15 अप्रैल: सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम, बांदा, प्रयागराज
• 17 अप्रैल: नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर
इच्छुक अभ्यर्थी परिवहन निगम की वेबसाइट upsrtc.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
*28,138 पदों पर यूपी पुलिस में सीधी भर्ती*
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, अप्रैल के अंत तक यूपी पुलिस में दरोगा, सिपाही, जेल वार्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर, रेडियो सहायक परिचालक और लेखा एवं गोपनीय संवर्ग के 28,138 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए विज्ञप्ति अप्रैल के अंत तक जारी की जाएगी, जिसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
हाल ही में यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में 30,000 और भर्तियों की भी योजना है।