*एसपी उत्तरी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस।*
झंगहा थाना क्षेत्र के नदुआ ज्ञानपार गांव स्थित काली टोला निवासी 22 वर्षीय युवक धीरज निषाद उर्फ विधायक की बुधवार देर रात हत्या कर दी गई। वहीं परिजनों द्वारा ये बताया जा रहा है कि मृतक को घर से बुलाकर बाइक सवार युवक नई बाजार-बोहाबार मार्ग पर ले गए, जहां पोछियहवां बीस नंबर बोरिंग के पास सड़क किनारे लाठी, डंडे और लोहे की राड से पीट-पीट कर उसकी जान ले ली गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। मृतक के भाई सूरज और बहन संध्या ने पुलिस को बताया कि बीते बुधवार की रात धीरज को कुछ युवक घर से बुलाकर बाइक पर साथ ले गए। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए। रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि सड़क किनारे किसी युवक की लाश पड़ी है। जब वह लोग पहुंचे तो धीरज खून से लथपथ मृत मिला। उसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। परिवार के लोगों ने मिश्रौलिया गांव के युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों से धीरज की पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद में वारदात हुई है। गांव के लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है।