जनपद के दो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग- अलग मार्ग दुर्घटना में किशोर और वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर दोनों थाना की पुलिस मौके पर पहुंंची और आस- पास के लोगों से पूछताछ के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।वही दोनों मृतकों के परिजन का रो- रोकर बुरा हाल था।
वलीदपुर। कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के भातकोल-कोपागंज मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम को जीप व मोटरसाइकिल के बीच पंचमुखी मंदिर के पास आमने सामने जोरदार टक्कर हो गयी। कोतवाली मधुबन क्षेत्र ढ़ढ़वल निवासी किशोर मोहम्मद साद (16) पुत्र महताब आलम अपने मामा के घर कोईरियापार बुधवार को विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आया था। बृहस्पतिवार की दोपहर तीन बजे कोईरियापर से वलीदपुर चौथ में शामिल होने के लिए भातकोल कोपागंज मुख्य मार्ग के अल्लीपुर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास जैसे ही पहुंचा की भातकोल के तरफ से आ रही जीप से टक्कर हो गई। आनन फानन में लोगों स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घायल की रास्ते में मौत हो गयी। कोतवाली प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना पर पंहुची पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमिला। घोसी कोतवाली के बाबा थानीदास मोड़ स्थित धनपत्ती देवी विद्यालय के पास शुक्रवार फोरलेन पार करने के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल में टक्कर में साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घोसी कोतवाली के पिड़ऊथ सिंहपुर निवासी रामकलम राय (70) पुत्र स्व. रामचन राय बाबा थानीदास साप्ताहिक बाजार आए थे। सामान लेकर घर लौटते समय धनपत्ती देवी विद्यालय के पास से गांव तरफ जाने के लिए कट पार कर रहे थे कि तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल 20 मीटर दूर जा गिरी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी किशोरी देवी, पुत्र पंकज राय और सोनू राय का रो रोकर बुरा हाल था।