वाराणसी में तेजी से बढ़ रहीं गंगा, 64 मीटर से पार पहुंचा जलस्तर, नौका संचालन का समय बदला

7 / 100 SEO Score

वाराणसी। गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। बुधवार को गंगा का जलस्तर 6 सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था। जलस्तर में वृद्धि की वजह से घाटों की सीढ़ियों पर पानी चढ़ रहा है और कई घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। इससे तटवर्ती इलाके के लोग भी सशंकित हो गए हैं। वहीं जिला प्रशासन के स्तर से निगरानी बढ़ा दी गई है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए शाम 6 बजे के बाद नौका संचालन पर रोक लगा दी गई है।

गंगा में सुबह 6 से शाम 6 बजे तक नौका संचालन होगा। पहले शाम आठ बजे तक नौका संचालन होता था। बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 115 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी देखी गई। हर घंटे 5 से 6 सेंटीमीटर पानी बढ़ रहा है। बुधवार को शाम 6 बजे तक गंगा का जलस्तर 64.50 मीटर पर चला आया। जबकि मंगलवार को 63.35 मीटर था।

वाराणसी में गंगा में चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। ऐसे में देखा जाएगा तो गंगा इस समय चेतावनी बिंदु से लगभग 6 मीटर नीचे बह रही हैं। हालांकि जिस रफ्तार से पानी बढ़ रहा, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा कि यदि जलस्तर में वृद्धि रुकी नहीं तो जल्द ही गंगा चेतावनी बिंदु को छूने लगेंगी।

जिला प्रशासन ने किसी भी तरह की संभावित स्थिति से सामना करने के लिए तैयारी कर ली है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने के साथ ही जल पुलिस और एनडीआरएफ अलर्ट है। वहीं केंद्रीय जल आयोग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने तटवर्ती इलाके के लोगों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!