उत्तर प्रदेश में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा।महाकुंभ और राम मंदिर उद्घाटन जैसी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कांवड़ मार्ग पर एंटी ड्रोन और टीथर्ड ड्रोन से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल, CCTV, ड्रोन कैमरों के साथ-साथ हर स्तर पर निगरानी। स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगाह रखी जा रही है। सरकार का उद्देश्य कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
*संभल के धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प, योगी सरकार ने खोला खजाना, 7 करोड़ की योजना मंजूर*
जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को भव्य रूप देने के लिए योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। कल्कि धाम, शंख माधव तीर्थ सहित अन्य धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों के लिए 7 करोड़ रुपए की योजना मंजूर की गई है। 3 करोड़ रुपए अकेले कल्कि मंदिर पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि अन्य धार्मिक स्थलों के विकास, रास्तों के निर्माण, साफ-सफाई, लाइटिंग और बैठने की व्यवस्था पर खर्च होगी। पर्यटन को बढ़ावा देने और आस्था केंद्रों को सुविधाजनक बनाने का उद्देश्य। यह परियोजना आने वाले समय में संभल को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
*संविधान का उल्लंघन नहीं करेगा ‘एक देश, एक चुनाव’ – पूर्व CJI का संसदीय समिति को सुझाव*
पूर्व मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर और डीवाई चंद्रचूड़ ने संसदीय समिति से कहा कि ‘एक देश, एक चुनाव’ का प्रस्ताव संविधान के मूल ढांचे का उल्लंघन नहीं करता। हालांकि, उन्होंने चुनाव आयोग को दी गई कुछ शक्तियों पर सवाल उठाए। यह विचार संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और संघ राज्य क्षेत्र (कानून) संशोधन विधेयक के तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के लिए लाया गया है। 39 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने बताया कि कई राज्यों के नेताओं और नागरिक समाज ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है।
*विवादित कार्टून मामले में सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई, RSS और PM पर बनाए थे विवादित कार्टून*
आरएसएस और पीएम मोदी पर विवादित कार्टून साझा करने वाले इंदौर के कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय की अग्रिम जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 14 जुलाई को सुनवाई करेगा। इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि यह मामला “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता” की सीमाएं पार करता है और आरोपी से पुलिस पूछताछ जरूरी है। 2021 में कोविड काल के दौरान बनाए गए इस कार्टून में आरएसएस को पारंपरिक वर्दी में मानव रूप में दिखाया गया था, जो पीएम मोदी के सामने झुका खड़ा है। पीएम को स्टेथोस्कोप और इंजेक्शन के साथ दिखाया गया, साथ ही भगवान शिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी जोड़ी गई। आरएसएस स्वयंसेवक विनय जोशी ने मालवीय पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और समाज में तनाव फैलाने का आरोप लगाया। मामला तीन साल की सजा वाले अपराध से जुड़ा है और हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसलों जैसे अर्नेश कुमार केस की अनदेखी की। मालवीय पर बाबा रामदेव, पीएम मोदी की मां के निधन पर की गई पोस्ट और अन्य मामलों में भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
*’रक्षाबंधन’ बनेगा ‘राष्ट्रभक्ति राखी उत्सव’, देशभर में 17 हजार करोड़ के व्यापार की उम्मीद*
इस वर्ष 9 अगस्त को रक्षाबंधन और ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की वर्षगांठ एक साथ पड़ने के कारण कैट ने इसे ‘राष्ट्रभक्ति राखी उत्सव’ के रूप में मनाने का आह्वान किया है। कैट ने तीनों सेनाओं को राखी भेजने की योजना भी बनाई है। इस बार बाजारों में इको-फ्रेंडली, थीम-बेस्ड, कस्टमाइज और डिजिटल राखियों की भारी मांग है। विभिन्न राज्यों की पारंपरिक कला से बनी राखियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। अनुमान है कि राखियों से 17,000 करोड़ और मिठाई-गिफ्ट आइटम्स से 4,000 करोड़ रुपए का व्यापार होगा। व्यापारी वर्ग का पूरा जोर इस बार स्वदेशी राखियों पर है।
*शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरा, सेंसेक्स 690 अंक फिसला*
भारतीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में लाल निशान पर बंद हुआ। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 689.81 अंक गिरकर 82,500.47 और एनएसई निफ्टी 205.40 अंक फिसलकर 25,149.85 पर बंद हुआ। आईटी, ऑटो और ऊर्जा शेयरों में भारी बिकवाली से बाजार पर दबाव बना। टीसीएस, महिंद्रा, रिलायंस, इन्फोसिस जैसे दिग्गज शेयर टूटे। वहीं, एचयूएल के शेयर 4.61% चढ़े क्योंकि प्रिया नायर को पहली महिला सीईओ नियुक्त किया गया। वैश्विक अनिश्चितताएं और कमजोर तिमाही आय निवेश धारणा पर असर डाल रही हैं। ब्रेंट क्रूड 68.85 डॉलर/बैरल तक पहुंचा, जबकि एशियाई और यूरोपीय बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला।
*भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 3.05 अरब डॉलर घटकर 699.736 अरब डॉलर पर पहुंचा*
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अनुसार, समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 3.049 अरब डॉलर घटकर 699.736 अरब डॉलर रह गया। इस गिरावट के पीछे मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में 3.537 अरब डॉलर की कमी रही, जो अब घटकर 591.287 अरब डॉलर रह गई हैं। हालांकि, इसी अवधि में स्वर्ण भंडार 342 मिलियन डॉलर, एसडीआर 39 मिलियन डॉलर, और आईएमएफ में भारत की आरक्षित स्थिति 107 मिलियन डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई। सितंबर 2024 में भारत का फॉरेक्स भंडार सर्वकालिक उच्च स्तर 704.885 अरब डॉलर तक पहुंचा था।
*भुवनेश्वर में राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला, चुनाव आयोग पर साजिश का आरोप*
भुवनेश्वर में ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार में महाराष्ट्र जैसी चुनाव चोरी की साजिश रच रही है और चुनाव आयोग इसमें उसका साथ दे रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि ईसी अब भाजपा की शाखा की तरह काम कर रहा है। राहुल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में एक करोड़ नए मतदाता जोड़कर धांधली की गई और इसी तरह की साजिश बिहार में की जा रही है। ओडिशा सरकार पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अडानी ओडिशा सरकार को चला रहे हैं और गरीबों की जमीन और भविष्य छीना जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा दलितों और आदिवासियों का सफाया कर देगी और संविधान से धर्मनिरपेक्षता व समाजवाद खत्म करना चाहती है।