आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने आज इंस्पेक्टर गोमतीनगर, लखनऊ को जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत भेज कर योगी आदित्यनाथ द्वारा कल वाराणसी में दिए गए भाषण के संबंध में एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है. उन्होंने पत्र की प्रति मुख्य सचिव तथा डीजीपी के साथ लखनऊ और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर को भी समुचित कार्यवाही के लिए भेजी है.
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि योगी आदित्यनाथ द्वारा कल वाराणसी में बसंत महिला महाविद्यालय में दिए गए भाषण और इस संबंध में उनके यूट्यूब तथा एक्स अकाउंट के माध्यम से पोस्ट किए गए चुनिंदा भागो में तमाम ऐसे तथ्य हैं, जो प्रथमदृष्टया धारा 196, 197, 299 तथा 302 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दिखते हैं.
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के भाषण के वे समस्त भाग, जो उनके द्वारा अपने एक्स और यूट्यूब अकाउंट पर प्रस्तुत किए गए हैं, स्पष्ट रूप से वर्ग वैमनस्य को बढ़ावा दिए जाने का प्रयास दिखते हैं.
उन्होंने कहा कि पांच बार के सांसद और दो बार के मुख्यमंत्री रहने के कारण योगी आदित्यनाथ की सामाजिक समरसता को बनाए रखने और विधि का पूर्ण पालन करने की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है. ऐसे में उनके स्तर से इस प्रकार का भाषण दिया जाना मामले को और अधिक गंभीर बनाता है.
अतः उन्होंने प्रकरण का संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज करते हुए अग्रिम कार्रवाई की मांग की है.
जनसुनवाई संदर्भ संख्या 40015725069928
डॉ नूतन ठाकुर
प्रवक्ता
आजाद अधिकार सेना