पद्म विभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र की हालत गंभीर, बीएचयू के डॉक्टरों ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन

6 / 100 SEO Score

वाराणसी। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक एवं पद्म विभूषण सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र की तबीयत गंभीर बनी हुई है। 89 वर्षीय पंडित मिश्र को शनिवार देर रात 13 सितम्बर को लगभग 11 बजे बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के मेडिसिन विभाग के आईसीयू में भर्ती कराया गया। भर्ती के समय उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत थी।

सात माह से चल रहे अस्वस्थ
परिजनों के अनुसार वे पिछले सात माह से अस्वस्थ चल रहे थे और रामकृष्ण सेवा आश्रम अस्पताल, मिर्जापुर में उपचार ले रहे थे। मिश्रजी टाइप-2 डायबिटीज मेलिटस, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), ऑस्टियोआर्थराइटिस तथा प्रोस्टेट संबंधी रोग (बीपीएच) से पहले से ही पीड़ित हैं। इसी बीच लंबे समय तक बिस्तर पर रहने के कारण उनके शरीर पर बेड सोर्स हो गए, जो बाद में संक्रमण और सेप्टीसीमिया में बदल गए।

वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति
चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम (ARDS) भी हो गया है। वर्तमान में वे नॉन-इनवेसिव वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उन्हें एंटीबायोटिक थेरेपी, इंसुलिन तथा अन्य सहायक उपचार दिया जा रहा है। शनिवार देर शाम से उनके वाइटल पैरामीटर्स (महत्वपूर्ण शारीरिक संकेत) में कुछ स्थिरता देखने को मिली है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
बीएचयू प्रशासन ने जानकारी दी कि मिश्र जी की देखभाल एक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा की जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने सभी शुभचिंतकों से मिश्र जी के स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है तथा उनके परिवार की निजता का सम्मान बनाए रखने का अनुरोध किया है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!