दुकानदारों को मिला लोक निर्माण विभाग का नोटिस, विधायक ने दी चेतावनी

6 / 100 SEO Score

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बढ़या बाजार में बीते दिनों दुकानदारों को लोक निर्माण विभाग का नोटिस मिला था कि दुकानदार सड़क के दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटा लें नहीं तो विभाग कार्रवाई करेगा। इसको लेकर दुकानदार काफी परेशान थे। इस मामले में दुकानदारों ने
स्थानीय विधायक डॉक्टर संग्राम यादव से मदद की गुहार लगाई थी। रविवार को विधायक डॉक्टर संग्राम यादव दुकानदारों की समस्या जानने खुद बढ़या बाजार पहुंचे और दुकानदारों से उनकी आपबीती जानी। दुकानदारों ने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग हम लोगों की दुकानें तोड़ देगा तो हम लोग भूखे मरने के कगार पर पहुंच जाएंगे। इस पर तत्काल विधायक डॉ. संग्राम यादव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों से बातचीत की और दुकानदारों को आश्वस्त किया कि आपकी दुकानों को नहीं तोड़ा जाएगा। डॉ. संग्राम यादव ने यह भी कहा कि यदि दुकानदारों के रोजी-रोटी के साथ खिलवाड़ किया गया तो हम दुकानदारों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान उन्होंने अहरौला कप्तानगंज मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इस संबंध में बार-बार शिकायत की जाती है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मार्ग के मरम्मत की मांग के लिये हम लोग धरना प्रदर्शन करने वाले हैं। इसके लिए हम लोगों ने अधिकारियों से परमिशन मांगा है। यदि हमें परमिशन मिला तो हम लोग वृहद आंदोलन करेंगे। इस दौरान उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंत्री जी सिर्फ घूम-घूम कर लोक लुभावने वादे कर रहे हैं।उनका एक भी वादा पूरा नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जनता पूरी तरह से परेशान है। आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाएगी। इस दौरान मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख अतरौलिया चंद्रशेखर यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रजीत यादव, शीतला प्रसाद निषाद, उमेश यादव मंत्री, पूर्व प्रधान बढ़या पिंटू यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!