प्रेमी और उसके परिजनों ने घर से भगाया, आहत महिला ने तालाब में कूदकर दी जान देने की कोशिश

6 / 100 SEO Score

उन्नाव। रायबरेली जनपद के बछरावां क्षेत्र की रहने वाली मुस्लिम समुदाय की एक 24 वर्षीय महिला का मामला सामने आया है, जिसने प्रेमी और उसके परिजनों से मारपीट व अपमानित होने के बाद तालाब में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने महिला को बचा लिया और पुलिस को सूचना दी।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, महिला का पांच वर्ष पूर्व लखनऊ निवासी युवक से निकाह हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद विवाद के चलते वह मायके में आकर रहने लगी। इसी बीच उसकी जान-पहचान पुरवा कस्बे के एक युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फोन पर लगातार बातचीत होने लगी।

16 सितंबर को युवक काम से मुंबई चला गया और लौटते वक्त महिला को उन्नाव रेलवे स्टेशन बुला लिया। सोमवार को दोनों पुरवा कस्बे स्थित घर पहुंचे। महिला का आरोप है कि घर पहुंचते ही युवक के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और विरोध करने पर घर से भगा दिया। वहीं, युवक ने भी इस दौरान चुप्पी साध ली।

आहत महिला कस्बे के शीतलगंज स्थित पक्का तालाब पहुंची और उसमें कूद गई। ग्रामीणों की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। इसके बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को कोतवाली ले गई।

पुलिस की कार्रवाई
कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि महिला ने अपने बयान में प्रेमी और उसके परिजनों पर मारपीट कर घर से भगा देने का आरोप लगाया है। उसके पति और मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी गई है। स्वजन के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply