ब्यूरो- एजाज अहमद के साथ मु० सरफराज
बलिया। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेने पहुंचे थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष सोमवार की शाम बंसी बाजार स्थित दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ बातचीत के दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनसे आग्रह किया कि “साहब, आप भी दो शब्द बोल दीजिए।”
जनता के अनुरोध पर प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक का सम्मान करते हुए अपना वक्तव्य शुरू किया। उन्होंने न केवल शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, बल्कि श्रद्धालुओं को आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना बनाए रखने का संदेश भी दिया।
थानाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा –
“दुर्गा पूजा सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि हमारी एकता और भाईचारे की पहचान है। इस पर्व का मुख्य संदेश है नारी शक्ति का सम्मान। माता दुर्गा शक्ति की प्रतीक हैं और हमें समाज में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पुलिस हमेशा आपकी सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर है। आप सभी सहयोग करें, ताकि यह पर्व शांति और आनंद के साथ संपन्न हो।”
थोड़े से समय में दिए गए उनके संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली संबोधन ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके बोलने के अंदाज़ और सरल भाषा ने वहाँ मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया।
वीडियो के वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक स्थानीय युवक ने कमेंट किया – “ऐसे अधिकारी ही जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम करते हैं।”