आज़मगढ़ में पत्नी के सामने फंदे पर लटक गया पति: मां ने बहू पर लगाया हत्या का आरोप

10 / 100 SEO Score

आजमगढ़। जिले के महराजगंज कोतवाली के शिवपुर गांव में पति-पत्नी के झगड़े ने ऐसा भयावह मोड़ लिया कि युवक ने पहले पत्नी के हाथ-पैर बांधे, फिर उसके सामने ही छत के कुंडे से लटककर जान दे दी। वही मृतक युवक की मां ने बहू पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांचपड़ताल में जुटी है।

महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर गांव में शनिवार रात विजय यादव (25) पुत्र राजेश यादव की संदिग्ध हालात में मौत से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक, विजय की शादी एक वर्ष पूर्व सुधा से कोर्ट मैरिज के जरिए हुई थी। सुधा की पहले राजस्थान में शादी हुई थी और उसका एक पांच वर्षीय बेटा भी है। मृतक की मां गीता यादव ने बहू पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि सुधा आर्केस्ट्रा में काम करती थी, जिस पर बेटा आपत्ति करता था, इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

वहीं पत्नी सुधा ने बताया कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। तीन दिन पहले वह छठ पूजा के लिए मायके गई थी, जहां से पति ने बुलाया और फिर विवाद हुआ। रात में उसने उसे घर से बाहर निकाल दिया, बाद में दरवाजा खोला तो हाथ-पैर बांध दिए। सुधा के मुताबिक, उसके सामने ही विजय ने छत के कुंडे से फांसी लगाकर जान दे दी। किसी तरह उसने खुद को छुड़ाकर पति को फंदे से उतारा और पुलिस को सूचना दी।

कोतवाली प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!