हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश सिंह ने खुद को मारी गोली

6 / 100 SEO Score

2008 की एलआईसी डकैती मामले में कोर्ट ने तय किए आरोप, 5 नवंबर को होना था फैसला
29 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी के बाद घर लौटा था आरोपी

सत्य सवेरा संवाददाता सुल्तानपुर

सुल्तानपुर। कूरेभार थाना क्षेत्र के गलिबहा गांव में शनिवार सुबह हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश सिंह (35) ने अपने घर में अवैध असलहे से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां दुर्गेश खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया गया। वह अविवाहित था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई अजय सिंह और राघवेंद्र सिंह हैं। दुर्गेश दो दिन पहले ही प्रदेश से बाहर से घर लौटा था।
घटनास्थल पर थानाध्यक्ष विजयंत मिश्रा पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बल्दीराय सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक पर गैंगेस्टर सहित कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या के कारणों की भी पड़ताल शामिल है।
दुर्गेश 1 सितंबर 2008 को कादीपुर स्थित एलआईसी शाखा में हुई दिनदहाड़े डकैती का मुख्य आरोपी था। दोपहर करीब 12:30 बजे असलहों से लैस बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड सत्य प्रकाश तिवारी की कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर बंदूक छीनी और शाखा में घुसकर 13 लाख 15 हजार रुपये लूट लिए थे। तत्कालीन प्रबंधक ईश्वर देव सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही थी।
29 अक्टूबर को कोर्ट में दुर्गेश की पेशी हुई, जहां आरोप तय किए गए। वह बाहर रह रहा था और पेशी के लिए घर आया था। कोर्ट से लौटने के बाद 5 नवंबर को फैसले की तारीख निर्धारित थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दबाव या अन्य कारणों से उसने यह कदम उठाया हो सकता है, लेकिन जांच जारी है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!