संग्रामपुर ब्लॉक में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, कई ग्राम सभाओं में गड़बड़ी के आरोप

6 / 100 SEO Score

सत्य सवेरा संवाददाता अमेठी

अमेठी। संग्रामपुर विकासखंड क्षेत्र में आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कई ग्राम सभाओं में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर की गई जांच में कई अनियमितताओं की ओर संकेत मिले, जबकि कुछ स्थानों पर रिकॉर्ड उपलब्ध न होने से अधिकारी जांच पूरी नहीं कर सके।

ग्राम सभा पुन्नपुर में मंडल स्तरीय जांच टीम पहुंची। यहां निवासी दिनेश सिंह की ओर से इंटरलॉकिंग, नल रिबोर और सामुदायिक शौचालय निर्माण में अनियमितता की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से हाईकोर्ट तक की गई थी। इसी के क्रम में गैजेटेड अधिकारियों ने धरौली, कन्नपुर और अन्य स्थानों का भी निरीक्षण कर कार्यों की स्थिति देखी।

इसी बीच, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार ग्राम सभा बड़गांव में जांच के लिए पहुंचे। गांव के निवासी अद्यापाठक ने स्ट्रीट लाइट, नल रिबोर, खड़ंजा और इंटरलॉकिंग कार्य में अनियमितताओं की शिकायत की थी। लेकिन ग्राम विकास अधिकारी द्वारा फाइलें न उपलब्ध कराए जाने के चलते जांच संभव नहीं हो सकी और टीम को लौटना पड़ा।

वहीं, जिला पंचायती राज अधिकारी मनोज कुमार ने ग्राम सभाओं मधुपुर खदरी और कसारा में अंत्येष्टि स्थल व अन्य विकास कार्यों की जांच की। ग्रामीणों का आरोप है कि निरीक्षण की जगह अधिकारी ब्लॉक पर ग्राम सचिव के साथ बैठक में अधिक समय बिताते रहे, जिससे वास्तविक स्थिति का आंकलन अधूरा रह गया।

लगातार मिल रही शिकायतों के बीच की गई इन कार्यवाहियों को ग्रामीण गंभीरता से देख रहे हैं और जल्द कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।

Leave a Reply