सत्य सवेरा संवाददाता अमेठी
पुलिस व एसओजी टीम जांच में जुटी, क्षेत्र में फैली सनसनी
अमेठी। थाना संग्रामपुर क्षेत्र में बीते मंगलवार शाम लगभग 6 बजे स्वर्णकार से लाखों के आभूषणों की लूट की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अमेठी–किठावर मार्ग पर विशेषरगंज व जिरहा के पास सीमेंट–मोरंग की दुकान के समीप यह घटना उस समय हुई, जब स्वर्णकार जय प्रकाश सोनी पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी बड़गांव, अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
पीड़ित जय प्रकाश सोनी विशेषरगंज बाजार में 14 वर्षों से ज्वेलरी की दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन की तरह 18 नवंबर को भी वह दुकान का सारा सोना–चांदी लेकर शाम करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। तभी पीछे से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 7 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों में से एक ने असलहे के बट से उनके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह वहीं गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास रखा सोने–चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीनकर विशेषरगंज की ओर भाग निकले। लूटे गए बैग में लगभग 4 किलोग्राम चांदी और 50 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल स्वर्णकार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद उन्होंने आज थाने पहुंचकर तहरीर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस देर से मौके पर पहुंची।
फिलहाल संग्रामपुर पुलिस व एसओजी टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।