सत्य सवेरा संवाददाता अमेठी
अमेठी। गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के बासुपुर टावर के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टीवीएस स्पोर्ट बाइक (यूपी 36 एक्स 4683) पर सवार युवक जैसे ही बासुपुर टावर के समीप पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में 20 वर्षीय फूलचंद पुत्र रामखेलावन, निवासी मऊ क्षेत्र, ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उनके साथ बैठे 42 वर्षीय राजकुमार पुत्र रामलाल, निवासी पूरे मिस्र का पुरवा मऊ, गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल राजकुमार को जिला अस्पताल भेजा तथा फूलचंद के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान राजकुमार ने भी दम तोड़ दिया, जिससे हादसे में मौतों की संख्या दो हो गई। घटना की पुष्टि करते हुए गौरीगंज कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी गई है।
दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि पुलिस वाहन चालक का सुराग जुटाने में लगातार प्रयासरत है।