स्वच्छता के प्रति जागरूक हुए ग्रामीण, छात्र-छात्राओं ने निकाली जनजागरूकता रैली

6 / 100 SEO Score

सत्य सवेरा संवाददाता अमेठी

अमेठी। स्वच्छ भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संग्रामपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भवसिंहपुर में बुधवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी संग्रामपुर आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर “स्वच्छ रहो—स्वस्थ रहो”, “कूड़ा कूड़ेदान में डालें” जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में बच्चों को रोजमर्रा की जिंदगी में स्वच्छता अपनाने, खुले में कूड़ा फेंकने से होने वाली बीमारियों, स्वच्छ शौचालय के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव के अग्रदूत होते हैं, और उनके माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रभावी तरीके से घर-घर पहुंचेगा।

कार्यक्रम में एडीओ पंचायत शशिकांत सिंह, ग्राम विकास अधिकारी मिथिलेश यादव, शिक्षक रवींद्र प्रताप सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे। रैली के माध्यम से पूरे क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

Leave a Reply