अमेठी में भीषण सड़क हादसा — तीन युवकों की दर्दनाक मौत, पूरे क्षेत्र में मातम

9 / 100 SEO Score

सत्य सवेरा संवाददाता अमेठी

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में देर रात हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने तीन परिवारों के सपनों को एक साथ छीन लिया। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के थौरा गांव के पास बुलेट और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, महाराजपुर निवासी शेरा लाल कोरी के घर से पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव में बारात गई थी। उसी बारात में शामिल होने गए महाराजपुर के तीन युवक — उत्कर्ष सिंह (32), बजरंग सिंह (25) और अंशु सिंह (29) देर रात बुलेट से वापस लौट रहे थे। थौरा गांव के करीब पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उत्कर्ष सिंह और बजरंग सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अंशु सिंह की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। अमेठी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम वाहन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उधर, घटना की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। तीनों युवकों की एक साथ हुई मौत से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

यह हादसा एक बार फिर बताता है कि तेज रफ्तार सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण बन चुकी है और इससे कितने परिवार पलभर में उजड़ जाते हैं।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!