अमेठी: 40 हजार रुपये हुए गायब, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर

5 / 100 SEO Score

अमेठी। कोतवाली अमेठी क्षेत्र में एक व्यक्ति के 40 हजार रुपये रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, खाता धारक गायत्री प्रसाद मिश्रा, पुत्र शीतला प्रसाद मिश्र, निवासी ठेंगहा, थाना संग्रामपुर, बुधवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अमेठी शाखा से 40 हजार रुपये नकद निकालकर निकले थे। बैंक से बाहर आने के बाद उन्होंने अमेठी–सुल्तानपुर मार्ग स्थित गायत्री मंदिर में दर्शन किए और पूरे 40 हजार रुपये में से केवल 500 रुपये अलग निकालकर रख लिए।

इसके बाद वे दुर्गापुर–अमेठी मार्ग पर स्थित आनंद औषधालय के पास वायरिंग का सामान खरीदने पहुंचे। सामान का भुगतान करते समय जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो पता चला कि उनके पास रखा 40 हजार रुपये का पूरा बंडल गायब है। अचानक रुपये गायब होने पर पीड़ित हैरान रह गए। आसपास तलाश करने पर भी पैसे नहीं मिले, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली अमेठी में तहरीर दी।

सीसीटीवी में दिखीं दो संदिग्ध महिलाएं
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बुजुर्ग पीड़ित के आसपास दो संदिग्ध महिलाएं घूमती हुई दिखाई दीं, जिसके आधार पर पुलिस ने शक की सुई उन्हीं पर टिकाई है। दोनों महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

जल्द होगा खुलासा: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने और धनराशि सुरक्षित रखने की अपील भी की है।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!