अमेठी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सुचारु, पारदर्शी और सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने की, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यह विशेष अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 22 साल बाद दोबारा शुरू किया गया है।
बैठक में उपजिलाधिकारी ने पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची का वर्तमान (2025) की सूची से मिलान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में लगभग 70 प्रतिशत मतदाताओं को कोई अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे सभी मतदान केंद्रों पर शीघ्र बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करें और उनके फोटोग्राफ उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता में बीएलए की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
उन्होंने यह भी बताया कि एसआईआर के तहत बीएलओ 2003 और 2025 की नामावली का मिलान कर चार श्रेणियों में कार्य करेंगे।
‘A श्रेणी’ में वे मतदाता शामिल किए जाएंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जुलाई 1987 या उससे पूर्व की है। ऐसे मतदाताओं से केवल एक स्वयं का दस्तावेज सत्यापन हेतु मांगा जाएगा।
उपजिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में बीएलओ का सहयोग करें और अधिक से अधिक लोगों को फार्म भरवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने इलेक्टोरल फॉर्म (EF) के वितरण व संग्रह की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बीएलओ घर-घर जाकर फार्म वितरित व संकलित करें, ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए।
बैठक में सपा से राजेश मिश्र, कांग्रेस से सर्वेश सिंह, आप से धर्मेंद्र शुक्ल, और भाजपा से अजय तिवारी सहित कई दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।