श्मशान गृह में बेरहमी से कत्ल, पहचान मिटाने के लिए चेहरा कुचला; जगदीशपुर में सनसनी

2 / 100 SEO Score

अमेठी। जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक नृशंस हत्या का मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। हारीमऊ गांव के पास निर्माणाधीन श्मशान गृह के समीप सड़क किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। शव के पास एक साइकिल भी पड़ी मिली, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।

जांच के दौरान श्मशान गृह के अंदर ईंट और लकड़ी के डंडे पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या श्मशान गृह के अंदर ही की गई। हमलावरों ने पहले युवक को डंडे से पीटकर मौत के घाट उतारा और फिर ईंट से उसका चेहरा कुचल दिया, ताकि पहचान न हो सके। इसके बाद शव को घसीटकर बाहर सड़क किनारे फेंक दिया गया और साइकिल डालकर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

कोतवाली जगदीशपुर के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मक्खन सिंह (36 वर्ष) पुत्र पृथ्वी पाल सिंह, निवासी गूंगेमऊ थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मौके पर पहुंच चुके हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।

Share

Leave a Reply