अमेठी में अवैध असलहों का सोशल मीडिया पर दिखावा, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

2 / 100 SEO Score

अमेठी जिले में युवाओं के बीच अवैध असलहों के साथ फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का खतरनाक चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला संग्रामपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा बाइक के साथ अवैध असलहा लहराते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो संग्रामपुर थाना क्षेत्र के जरौटा गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में युवक खुलेआम अवैध हथियार के साथ बाइक के पास पोज देते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस तरह के वीडियो बनाकर युवक न सिर्फ सोशल मीडिया पर अपनी धाक जमाने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का वातावरण भी पैदा कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ युवक अवैध तमंचों और हथियारों के साथ फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों में डर का माहौल बना रहता है। कई लोग हथियारबंद युवाओं के भय से खुलकर विरोध भी नहीं कर पाते।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। संग्रामपुर थाना पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए युवक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिख रहा असलहा अवैध है या नहीं और वह हथियार युवक को कहां से प्राप्त हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने, सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीमें वीडियो के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

वहीं पुलिस ने युवाओं को सख्त चेतावनी दी है कि अवैध असलहों के साथ फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, ताकि वे गलत रास्ते पर न जाएं।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!