अमेठी। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील गौरीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी संजय चौहान ने की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील गौरीगंज में कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील मुसाफिरखाना में 15 शिकायतें आईं, जिनमें 3 का निस्तारण किया गया। तहसील तिलोई में 33 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 4 का निस्तारण किया गया, जबकि तहसील अमेठी में 24 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।
जिलाधिकारी ने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में जनसुनवाई करें और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।