अमेठी। किसान मजदूर सेवा संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को शहर के एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पुनर्गठन एवं विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से कई पदों पर नए मनोनयन किए गए।
बैठक में गंगौली निवासी राजेश कुमार त्रिपाठी को संगठन का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि मनीराम रामपुरवा निवासी शैलेंद्र सिंह को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने कहा कि किसान मजदूर सेवा संगठन किसानों और मजदूरों के हक व अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा। संगठन का उद्देश्य शोषित व पीड़ित किसानों-मजदूरों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना है।
संगठन के संरक्षक आरपी पाण्डेय ने कहा कि किसान और मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। संगठन उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाते हुए उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
नवनियुक्त मीडिया प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों एवं किसानों-मजदूरों से जुड़ी समस्याओं को मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
बैठक में राम सुंदर पाल, रामजस यादव, आनंद यादव, उर्मिला सरोज, गीता गुप्ता, पंकज गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, विजय शंकर द्विवेदी, पूनम चौहान, अमिता मिश्र सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।