अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं औद्योगिक/व्यापारिक सुरक्षा फोरम तथा एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं एवं उद्यमियों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि इकाइयों व व्यापारिक बन्धुओं से प्राप्त सभी शिकायतों व प्रकरणों का निस्तारण संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित करें। बैठक में उद्यमियों की सुरक्षा व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों में अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने, पार्किंग व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके उपरान्त निवेश मित्र पोर्टल पर निर्धारित समयावधि के बाद लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद योजना की भी समीक्षा की गई और निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।
सीडीओ ने निवेशकों द्वारा किए गए एमओयू के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि उद्योग स्थापना में यदि किसी भी उद्यमी को किसी विभागीय स्तर पर कठिनाई आती है तो समिति को अवगत कराएं, उसका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए तथा उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र दिनेश कुमार चौरसिया ने किया। उन्होंने गत बैठक की कार्यवाही एवं एजेण्डा बिन्दुओं को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया तथा अंत में सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में जिला कृषि अधिकारी राजेश द्विवेदी, जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।