अमेठी। जनपद में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं गो आश्रय स्थलों की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गौशालाओं में हरा चारा, भूसा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, शेड तथा बीमार गोवंशों की देखभाल की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन गौशालाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र हैंडओवर लेकर गोवंशों को संरक्षित कराया जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों से गौशालाओं में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और पशु आहार, भूसा व हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
ठंड व शीतलहर को देखते हुए गोवंशों की सुरक्षा हेतु काऊकोट, अलाव, शेड के चारों ओर तिरपाल लगाने तथा गो आश्रय स्थलों पर कार्यरत केयर टेकरों को कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को दिए गए। साथ ही नोडल अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं पशु चिकित्सकों को प्रत्येक गौशाला का एक दिन के अंतराल पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि वर्तमान में दो गौशालाओं में कैमरे लगाए जा चुके हैं तथा शेष में प्रक्रिया जारी है। सीडीओ ने गोवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल व छांव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सहभागिता योजना के अंतर्गत गोवंशों की सुपुर्दगी एवं भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित भ्रमण कर खुले में घूम रहे गोवंशों को नजदीकी गौशालाओं में संरक्षित कराने को कहा।
इसके अतिरिक्त किसानों से भूसा दान हेतु अपील करने, गौशालाओं में रजिस्टरों का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा निरीक्षण के दौरान टिप्पणियां अंकित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निराश्रित गोवंश संरक्षण की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा हो रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।