अमेठी। भारत सरकार द्वारा संचालित “सुशासन सप्ताह – प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड शुकुलबाजार की ग्राम सभा इक्का ताजपुर में चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 16 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनका संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिकायतों के त्वरित समाधान से ग्रामीणों में संतोष और प्रशासन के प्रति विश्वास का माहौल देखने को मिला।
इसी क्रम में ग्राम सभा इक्का ताजपुर के पांडेय का पुरवा में हाल ही में कुत्ते के काटने की 9 घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह के निर्देशन में मौके पर एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) का विशेष शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रभावित व्यक्तियों का समय से टीकाकरण कराया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को रेबीज से बचाव, कुत्ते के काटने पर तत्काल किए जाने वाले उपाय, घाव की सही सफाई तथा समय पर टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर जनसमस्याओं के समाधान एवं स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई।