घने कोहरे में भीषण सड़क हादसा: कई वाहन आपस में टकराए, दो की मौत, 16 घायल

3 / 100 SEO Score

अमेठी। जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात घने कोहरे के कारण भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। मंगलम डिग्री कॉलेज के पास ओवरब्रिज से पहले एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह के अनुसार, रात करीब दो बजे लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रहा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। पीछे से आ रही चार अन्य ट्रकें भी कोहरे के कारण एक-दूसरे से टकरा गईं। इसी दौरान यात्रियों से भरी रोडवेज की जनरथ बस के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन दृश्यता कम होने के कारण बस पलटे ट्रक से जा भिड़ी। बस के पीछे चल रही एक कार भी बस से टकरा गई।
एक साथ कई वाहनों की टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 घायलों में से 14 की हालत सामान्य है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतकों में एक की पहचान मोहम्मद शमशाद निवासी जायस के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दोनों मृतक ट्रक चालक बताए जा रहे हैं, वहीं गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्ति ट्रक के खलासी हैं।
पुलिस ने डिवाइडर लगाकर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई जारी है।

Share

Leave a Reply