अमेठी। जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ठेंगहा गांव में सरेराह मोपेड (बिक्की) छीने जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। ठेंगहा कोलवा गांव के पास अज्ञात लोगों द्वारा एक युवक से मोपेड ले लिए जाने की जानकारी पर संग्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छीनी गई मोपेड बबुरी गांव निवासी कालीदीन यादव की बताई जा रही है, जो लगभग चार माह पूर्व मरम्मत के लिए ठेंगहा गांव निवासी दिव्यांग मिस्त्री जगन्नाथ मौर्य की बाइक रिपेयरिंग दुकान पर दी गई थी। मरम्मत के बाद भुगतान न होने के कारण मोपेड दुकान पर ही खड़ी थी।
सोमवार को शशिकांत कोरी द्वारा दवा लाने की बात कहकर उक्त मोपेड ली गई थी। इसी दौरान ठेंगहा कोलवा गांव के पास कुछ लोगों द्वारा मोपेड अपने कब्जे में ले लिए जाने की सूचना सामने आई, जिसे लेकर पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच में यह सामने आया कि घटना प्रथम दृष्टया छिनैती की न होकर आपसी धन लेन–देन से जुड़ी प्रतीत हो रही है।
इस संबंध में संग्रामपुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला वाहन छीने जाने का नहीं लग रहा है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।