कृषि भवन ताला में चार दिवसीय किसान मेला शुरू, 38 प्रगतिशील किसान सम्मानित

3 / 100 SEO Score

अमेठी। कृषि विभाग द्वारा चार दिवसीय पारंपरिक ग्राम्य किसान मेला एवं किसान सम्मान दिवस का आयोजन मंगलवार को कृषि भवन, ताला, अमेठी में किया गया। किसान मेले का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि एवं मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद में उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले 38 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
किसान मेले में कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, सहकारिता, बैंक, समाज कल्याण, उद्योग, स्वयं सहायता समूह एवं दुग्ध विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ किसानों को योजनाओं, अनुदान, तकनीकी सहायता एवं लाभकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान नकदी फसलों को बढ़ावा दें और कृषि विभाग की योजनाओं व आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती करें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक किसान को लेना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी पात्र किसानों को शासन की योजनाओं से नियमानुसार आच्छादित किया जाए। साथ ही किसानों से अपील की कि वे चार दिवसीय किसान मेले में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर नवीनतम कृषि तकनीकी जानकारी प्राप्त करें।
मेले के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा मृदा परीक्षण, फसल चक्र, संतुलित उर्वरक प्रयोग एवं उन्नत खेती पर विस्तार से जानकारी दी गई। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे। किसान मेले के माध्यम से किसानों को तकनीकी ज्ञान, योजनाओं की जानकारी एवं प्रोत्साहन देकर कृषि विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

Share

Leave a Reply