अमेठी तिरंगामय: 26 जनवरी की तैयारी में बाजारों में देशभक्ति का उत्साह चरम पर

3 / 100 SEO Score

अमेठी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को लेकर अमेठी जनपद में उत्साह चरम पर है। बाजारों में देशभक्ति की खास रौनक देखने को मिल रही है। तिरंगा झंडा, बैज, तिरंगे रंग की गमछा, टोपी सहित अन्य देशभक्ति सामग्री से दुकानें सजी हुई हैं। इन वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे बाजार में देशप्रेम का माहौल बन गया है।
अंबेडकर तिराहे पर स्थित दुकान के दुकानदार सुशील जायसवाल ने बताया कि हर साल गणतंत्र दिवस से पहले तिरंगे की मांग बढ़ जाती है। इस बार भी बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे बाजार की रौनक और बढ़ गई है।
गणतंत्र दिवस को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, कचहरी, अस्पताल सहित सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी को प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, वृक्षारोपण सहित विविध आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई एवं स्वच्छता कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि गणतंत्र दिवस को राष्ट्रप्रेम और गरिमा के साथ मनाएं। राष्ट्रीय ध्वज साफ-सुथरा, निर्धारित मापदंड के अनुसार और सही क्रम में फहराया जाए।
वहीं विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नन्हे-मुन्ने बच्चे स्वागत गीत, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल में जुटे हैं। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और वे अपने परिजनों से तिरंगे रंग के कपड़े और टोपी की मांग कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, अमेठी जनपद गणतंत्र दिवस के स्वागत में तिरंगामय होकर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आ रहा है।

Share

Leave a Reply