ठेंगहा की रात्रि चौपाल में विकास कार्यों की शिकायतों पर प्रशासन सख्त

5 / 100 SEO Score

अमेठी/संग्रामपुर। विकास खंड संग्रामपुर की ग्राम पंचायत ठेंगहा में शनिवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह ने की। चौपाल में उपस्थित डिप्टी कमिश्नर ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

चौपाल के दौरान कुल सात शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें जल जीवन मिशन से जुड़ी समस्याएं, मालती नदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा पुल निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई इंटरलॉकिंग सहित अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं।

ठेंगहा के बबुरी गांव में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य की शिकायत मिलने पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायतित स्थान पर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य नहीं मिला। इस पर संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश सिंह ने बताया कि संबंधित मार्ग पर विवाद होने के कारण वहां इंटरलॉकिंग का निर्माण नहीं कराया जा सका और कार्य दूसरी जगह कराया गया था।

चौपाल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर एडीओ पंचायत लाल शशिकांत सिंह, ग्राम पंचायत सचिव मिथिलेश यादव, बीसीपीएम तीर्थराज यादव, पंचायत सहायक शिवप्राण, कृषि विभाग के प्रदीप कुमार, रोजगार सेवक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share

Leave a Reply