आजमगढ़, 03 जुलाई 2026
प्रमुख अधीक्षक (SIC), मण्डलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ ने जनपद के समस्त नागरिकों को अवगत कराया है कि मण्डलीय जिला चिकित्सालय में दो सीटी स्कैन मशीनें स्थापित हैं, जो वर्तमान में पूर्ण रूप से क्रियाशील हैं तथा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को निरंतर निःशुल्क सीटी स्कैन जांच सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को चिकित्सकों की आवश्यकता एवं चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर सीटी स्कैन जांच की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जा रही है। इससे मरीजों को निजी संस्थानों में महंगी जांच कराने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
प्रमुख अधीक्षक ने जनसामान्य से अपील की है कि यदि किसी मरीज को चिकित्सक द्वारा सीटी स्कैन जांच के लिए संदर्भित किया जाता है, तो वह मण्डलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में उपलब्ध इस निःशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे जनसामान्य को बेहतर उपचार एवं जांच सेवाएं समय पर मिल सकें।