शिक्षक सशक्त, विद्यार्थी समर्थ- शिक्षा से समृद्ध उत्तर प्रदेश- मा0 मुख्यमंत्री

10 / 100 SEO Score

*मा0 मुख्यमंत्री द्वारा शुभारम्भ किये गये मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, डीबीटी व अन्य कार्यक्रमों का जनपद में हुआ भव्य सजीव प्रसारण*

*मुख्यमंत्री की यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को साबित करती है- दारा सिंह चौहान*

*मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना जनपद के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगी – जिलाधिकारी*

*यह पहल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के साथ शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ करेगी- डीएम रविन्द्र कुमार*

*कारागार मंत्री व जिलाधिकारी ने 15 शिक्षकों व कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा डेमो कार्ड प्रदान कर किया सम्मानित*

आजमगढ़, 08 जुलाई 2026/

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा वाराणसी से किया गया। कार्यक्रम के अन्तर्गत 12 लाख शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल-बैग एवं स्टेशनरी हेतु उनके अभिभावकों के खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से प्रति विद्यार्थी रू0 1,200 का अंतरण, 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने हेतु स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एम.ओ.यू. का निष्पादन एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। मा0 मुख्यमंत्री के उपर्युक्त प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का जनपद आजमगढ़ में मा0 कारागार मंत्री, दारा सिंह चौहान व जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में हरिऔध कला केन्द्र में सजीव प्रसारण किया गया। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक गायन की शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही जनपद के समस्त बीआरसी व स्कूलों में भी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शिक्षक, छात्र-छात्रा, अभिभावकों द्वारा देखा व सुना गया।

मा0 कारागार मंत्री व जिलाधिकारी द्वारा 15 शिक्षक व अन्य कार्मिक- रवि प्रकाश पाठक, आलोक चतुर्वेदी, इस्तेयाक अहमद (सपरिवार), जितेन्द्र कुमार यादव, अजय प्रताप सिंह, पंकज कुमार मौर्य, पवन कुमार श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार सिंह, नीलम सिंह, अर्चना श्रीवास्तव, प्रभा यादव, जालन्धर कुमार, राजेश कुमार सिंह, राधेश्याम यादव, रीना पाण्डेय को प्रतीकात्मक डेमो मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर उनको सम्मानित किया गया। कार्ड पाकर शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल पड़े, उन्होने मा0 मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद व आभार व्यक्त किया कि उन्होने हमारे स्वास्थ्य के सुरक्षा की गारण्टी प्रदान की है।

रू0 5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से प्रदेश के 12 लाख शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी व उनके आश्रित लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और वार्डन सहित बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा से जुड़े कार्मिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से जुड़े सभी लाभार्थियों को मा0 मुख्यमंत्री ने हृदय से बधाई देते हुए ईश्वर से प्रार्थना किया है आप सभी स्वस्थ रहें और उत्तम आरोग्यता प्राप्त करें।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को आयुष्मान भारत से संबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की शुरूआत की गयी। यह पहल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के साथ शिक्षकों की आर्थिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ करेगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऑनलाइन डेटा संग्रह पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीकरण, सत्यापन एवं अनुमोदन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से संपन्न होगी।

मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि हर शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक को सुरक्षा की गारंटी दी जा रही है। किसी दुर्घटना की स्थिति में रू0 10,000 से अधिक वेतन पाने वाले शिक्षकों एवं कार्मिकों को रू0 10 लाख का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस कवर प्रदान किया जाएगा। इसके साथ रू0 1 करोड़ का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, रू0 1 करोड़ का स्थायी दिव्यांगता कवर, रू0 1.6 करोड़ का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर तथा किसी अनहोनी की स्थिति में शिक्षक या कार्मिक के बच्चों की शिक्षा और पुत्रियों के विवाह के लिए भी एड-ऑन कवर उपलब्ध कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश का बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग इस योजना को भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से लागू कर रहा है।

मा0 कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा की अलख जगाने वाले प्रहरियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। उन्होने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री की यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाते हुए प्रदेश के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगी।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद आजमगढ़ में बेसिक शिक्षा परिषद में कार्यरत कुल 23317 शिक्षक/शिक्षामित्र/विशेष शिक्षक/अनुदेशक तथा बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मान्यता प्राप्त अनुदानित विद्यालयों मंे कार्यरत शिक्षकों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कार्यरत वार्डन/पूर्णकालिक अंशकालिक शिक्षक/शिक्षिका एवं प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइया एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किये जाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में जनपद में माध्यमिक शिक्षा मंे कार्यरत कुल 1758 शासकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत विद्यालयों में एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने बीएसए व डीआईओएस को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अन्तर्गत आने वाले सभी शिक्षकों व अन्य कार्मिकों का जल्द ही सत्यापन कर प्रभावी क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें।

भारतीय स्टेट बैंक आजमगढ़ के मुख्य प्रबन्धक अजीत कुमार ने बताया कि एसबीआई और बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश के मध्य सभी स्थायी एवं संविदा शिक्षकों/कर्मचारियों के लिए विशेष सैलरी एकाउण्ट की शुरूआत हेतु एमओयू हस्ताक्षरित किया गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा आज शुभारम्भ किये गये सभी योजनाओं का जनपद में शत प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जायेगा।

कार्यक्रम मंे मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा, एडी बेसिक शिक्षा, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, बेसिक व माध्यमिक के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Share

Leave a Reply

error: Content is protected !!